शिक्षक घर-घर जाकर नामांकन के लिए अभिभावकों को करेंगे जागरुक

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाने के लिए ३१ जुलाई तक विशेष अभियान चलाया जायेगा। इस अनुपालन में महानिदेशक विजय किरन आनन्द ने पत्र जारी कर निर्देश दिये हैं। विशेष नामांकन के तहत कक्षा ८ पास छात्र-छात्राओं का नजदीक के राजकीय सहायता प्राप्त स्ववित्तपोशी माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश कराया जायेगा। सूत्रों के अनुसार राजकीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या कम होने से सीटें खाली रह जाती हैं और निजी कालेजों की ओर विद्यालयों का झुकाव ज्यादा रहता है। ऐसी स्थिति में शासन ने परिषदीय विद्यालयों की तर्ज पर अब माध्यमिक विद्यालयों में भी नामांकन बढ़ाने का अभियान चलाने का निर्देश जारी किया है। सरकार की इस नई व्यवस्था के तहत राजकीय इंटर कालेज के अध्यापक, अध्यापिकायें घर-घर जाकर अभिभावकों को उनके बच्चों का एडमीशन कराने के लिए जागरुक करेंगे। कक्षा ८ पास छात्र-छात्राओं को नजदीक के राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जायेगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देश पर यह अभियान ३१ जुलाई तक चलेगा। इस तरह का अभियान पहली बार चलाया जा रहा है। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संतोष दुबे व संयुक्त मंत्री सतेंद्र सिंह ने सरकार के इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ेगी और खाली पड़ी सीटों की भरपाई हो जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *