टी20 विश्वकप जीतने के बाद भारतीय टीम आखिरकार भारत पहुंच गई है। विश्वविजेता टीम के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्पेशल फ्लाइट का इंतजाम किया था जिससे रोहित शर्मा की सेना और मीडियाकर्मी स्वदेश लौटें। एयर इंडिया की फ्लाइट AIC24WC (एयर इंडिया चैंपियंस 24 विश्व कप) आज सुबह भारत पहुंची। गौरतलब है कि रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम, उसके सहयोगी स्टाफ, कुछ बीसीसीआई अधिकारी और खिलाड़ियों का परिवार तूफान बेरिल के कारण बारबाडोस में फंसे हुए थे। टीम ने शनिवार को फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर खिताब जीता था। इसके बाद से टीम वहीं अपने होटल में थी। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के मुताबिक भारतीय टीम पहुंच गई है। इसके बाद सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। रोहित शर्मा एंड कंपनी स्पेशल विमान से मुंबई के लिए रवाना होगी। यहां उनके सम्मान में विजय परेड का आयोजन होगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय टीम को बीसीसीआई की तरफ से घोषित 125 करोड़ की इनामी राशि भी दी जाएगी। भारतीय टीम को वापस लाने के लिए बीसीसीआई ने एयर इंडिया का विशेष विमान भेजा था। प्रधानमंत्री ने सुबह 11 बजे अपने आवास पर टीम के लिए स्वागत समारोह का आयोजन किया है। इसके बाद वे विशेष विमान से मुंबई के लिए रवाना होंगे, जहां उनके सम्मान में नरीमन प्वाइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक रोड शो का आयोजन किया गया है। वानखेड़े स्टेडियम में उनके लिए एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया है, जहां भारतीय क्रिकेट टीम, कोच और सहयोगी स्टाफ को सम्मानित किया जाएगा और बीसीसीआई द्वारा घोषित 125 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।”
दिल्ली एयरपोर्ट पर भारी संख्या में फैंस
दिल्ली एयरपोर्ट पर टीम इंडिया का शाही वेलकम करने के लिए फैंस पहुंचे। तमाम फैंस एयरपोर्ट पर भारतीय टीम का इंतजार कर रहे हैं। टीम इंडिया दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल थ्री पर पहुंची है।
