डंपर की टक्कर से टेंपो चालक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। फर्रुखाबाद-बदायूँ मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पर किसी प्रकार की रोक नहीं है। यह वाहन चालक गैर जिम्मेदाराना तरीके से तेज रफ्तार वाहनों को चलाते हैं। जिससे यह अनियंत्रित हो जाते हैं और छोटे वाहन सडक़ पर चलने वालों को कुचल देते हैं। जिसके चलते आए दिन इस सडक़ पर जानलेवा हादसे होते रहते हैं। राजेपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर कुतलूपुर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने कटहल से भरे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक 20 वर्षीय विपिन शर्मा की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव गलारपुर का रहने वाला था। वह अपने दो साथियों हरिओम और विकास (21) के साथ कटहल लादकर राजेपुर से वापस लौट रहा था, तभी कुतलूपुर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी राजेपुर लाया गया, लेकिन वहां चिकित्सक नदारद मिला। फार्मासिस्ट ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लोहिया में इलाज के दौरान बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे विपिन की मौत हो गई। विपिन अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी काजल और मां राजरानी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी राजेपुर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राजेपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दियागया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।यह हादसा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल भी खोल गया। जहां गंभीर रूप से घायल मरीजों को बिना डॉक्टर के फार्मासिस्ट के सहारे छोड़ा गया, जबकि राजेपुर स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर के ठहरने के लिए आवास भी बनाए गए हैं और शासन की तरफ से निर्देश भी दिया गया है कि वह वहीं रुकें एवं इमरजेंसी सेवा बनाए रखें, लेकिन इन डॉक्टरों की मनमानी के चलते अधिकतर रात्रि सेवाएं ठप रहती हैं और क्षेत्रीय मरीजों को बिना इलाज के ही फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल की तरफ भागना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *