भीड़ ने जमकर पीटा, पुलिस को सौंपा, घबराया साथी बाइक सहित हुआ फरार

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। फैजबाग शमशाबाद मार्ग पर चलने वाले डग्गामार टेंपो में सवार एक पूर्व फौजी की जेब एक जेबकतरे ने उस वक्त पार कर दी, जब शमशाबाद स्थित एक रिश्तेदारी में जा रहा था। बताते हैं जब टेंपो शमशाबाद जा रहा था उसी दौरान टेंपो सवार अज्ञात जेबकतरे ने पूर्व फौजी की जेब काटकर नगदी साफ कर दी। घटना की जानकारी तब हुई जब टेंपो शमसाबाद पहुंचा। चालक द्वारा किराया मांगने जब पूर्व फौजी ने जेब में हाथ डाला तो जेब से रुपए गायब थे। उसने टेंपो में सवार लोगों को घटना का हवाला देकर जामा तलाशी की बात कही। हालाकि टेंपो चालक ने आरोपी की हरकत को देख लिया था। जामा तलाशी की बात सुन युवक घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। भीड़ ने संदेह जताकर आरोपी को दौड़ाकर पकड़ा और जमकर पिटाई की। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया जिस वक्त युवक की पिटाई हो रही थी उस वक्त पल्सर सवार अज्ञात युवक जो टेंपो का पीछा कर रहा था ने जब साथी की पिटाई देखी तो वह फरार हो गया। घटना को अंजाम देने वाले आरोपी का कहना था पूर्व फौजी की जेब से उड़ाए रुपए उसने बाइक सवार साथी को दे दिए। वह बाइक द्वारा टेंपो का पीछा कर रहा था। जब बाइक सवार ने मारपीट का नजारा देखा तो बाइक सहित फरार हो गया। पूर्व फौजी की शिकायत पर शमशाबाद थाना पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल करते हुए आरोपी को हिरासत ले लिया। पकड़े गए आरोपी का नाम बाबी उर्फ बाबू निवासी इन्दरगढ़ जनपद कन्नौज बताया गया। पूर्व फौजी के अनुसार जेब में चार हजार की नगदी थी। जिसे उचक्के द्वारा पार कर दिया।
