फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अपरा काशी से निकली मां भागीरथी की गोद में आबाद मेला रामनगरिया में समस्यायें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। संतों द्वारा विरोध प्रदर्शन करने के बावजूद भी मेला व्यवस्थापक हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए हैं। वह किसी की न सुनकर अपने मनमाने तौर पर कार्य कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार माघ मास में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेला रामनगरिया पांचाल घाट गंगा तट पर आबाद है। यहां पर स्थानीय जनपद के अलावा कन्नौज, इटावा, मैनपुरी, हरदोई आदि के कल्पवासी व साधु संत आकर एक माह तक कल्पवास करते हैं और पूजा अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। उनकी सुख सुविधाओं के लिए प्रशासन एक दो महीने पहले की तैयारी शुरु कर देता है। जिससे मेले में आने वाले साधु संतों व कल्पवासियों को मेले में किसी भी प्रकार जैसे बिजली, पानी, शौचालय आदि की कोई समस्या न हो, लेकिन मेला व्यवस्थापक संदीप दीक्षित की हठधर्मिता के चलते मेले में व्यवस्थायें दम तोड़ रही हैं। सोमवार को समृद्धि न्यूज के संवाददाता के पूछने पर संत ठाकुरदास महाराज ने अपना दुख दर्द बयां किया। उन्होंने कहा कि मेले में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका रास्ता बंद कर दिया गया। जिससे वह आवागमन नहीं कर पाते हैं। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। दरोगा सुरेंद्र सिंह ने कहा कि आपकी समस्या का समाधान शीघ्र किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मेला व्यवस्थापक करीब चार साल से उन्हें टीनशेड मुहैया नहीं करवा रहे हैं। उन्होंने कई बार मेला व्यवस्थापक से अनुनय विनय की, लेकिन उनका दिल नहीं पसीजा। इसके अलावा शौचालय की भी समस्या है। उनका कहना है मेला व्यवस्थापक पूरी तरह से अपनी मनमानी कर रहे हैं। संतों का कहना है कि प्रतिवर्ष मेले में व्यवस्थायें कम होती जा रही हैं।
ठाकुरदास महाराज बोले करीब चार साल से नहीं उपलब्ध कराया जा रहा टीन शेड
