राजस्व विभाग ने आरोपियों के कोचिंग सेंटर के सामने स्थित दुकानों की पैमाइश की
दुकानों को खाली करने के आदेश, चल सकता है बुलडोजर
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। कस्बे में पांच माह पहले सामने आए छात्रा दुष्कर्म कांड ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। इस बार पुलिस नहीं, बल्कि राजस्व विभाग की टीम ने मोर्चा संभाला और आरोपियों से जुड़े अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। सोमवार देर शाम शमशाबाद के नायब तहसीलदार के नेतृत्व में नगर लेखपाल पंकज चौहान, पूजा चौहान, रोहित अवस्थी और भारी पुलिस बल के साथ कोचिंग सेंटर के सामने स्थित दुकानों की पैमाइश की गई।
जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, इलाके में हलचल मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रशासन ने आरोपित शीबू और सलमान से संबंधित बताई जा रही दुकानों का चिन्हांकन किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि दुकानें अतिक्रमण कर बनाई गई हैं। कोचिंग सेंटर साइड शकील मार्केट में बनी कुछ दुकानें कब्रिस्तान की भूमि पर खड़ी पाई गईं। मौके पर सीमांकन कर अतिक्रमण दर्ज किया गया। यह वही मामला है जिसमें कोचिंग संचालकों पर छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप लगा था। पुलिस पहले ही तीनों आरोपितों शीबू, सलमान और अनस को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना के बाद से ग्रामीणों में गुस्सा था और सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने की मांग लगातार उठ रही थी। प्रशासन ने संबंधित लोगों को तीन दिन पहले नोटिस जारी किए थे। सोमवार रात दुकानों को खाली करने के आदेश दे दिए गए। अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को अवैध कब्जे पर बुलडोजर चल सकता है। इसी बीच राजस्व टीम ने आरोपी अनस के गांव निजामुद्दीनपुर में गाटा संख्या 336 नवीन परती भूमि पर भी अवैध कब्जा चिन्हित किया है। वहां भी जल्द कार्रवाई की तैयारी है। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पांच माह पूर्व छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म के मामले ने तूल पकड़ा
