भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष ने पूरी टीम के साथ दिया इस्तीफा

व्यापार मण्डल में बढ़ता जा रहा है विवाद
एक और इस्तीफे से नगर विहीन हुआ संगठन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष अजय मेहरोत्रा ने निरंतर विवाद उत्पन्न होने से आहत होकर इस्तीफा दे दिया है। नगर अध्यक्ष अजय मेहरोत्रा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजे गये इस्तीफे में दर्शाया कि लगभग पिछले दो महीने से भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल में निरंतर विवाद चल रहा है। जिसका संगठन पर काफी गलत प्रभाव पड़ रहा है। जिसमें मेरा कोई रोल न होते हुए भी मुझे काफी परेशान किया जा रहा है। जिससे मैं बहुत आहत हुआ हूं और अपनी पूरी नगर टीम के साथ अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं। इससे पूर्व भी फतेहगढ़ के नगर अध्यक्ष रविकांत गुप्ता ने भी कार्यकारी अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए इस्तीफा दिया था। कुछ दिन पूर्व पर्यवेक्षक के आने पर बयानबाजी न करने के बाद मामला कुछ शांत होता दिखा, लेकिन फिर भी विवाद शांत नहीं हुआ। अब एक के बाद एक इस्तीफा की कड़ी चल रही है। ऐसे में भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल में बनाये गये पदाधिकारी अनुभव विहीन है या कार्यकारी अध्यक्ष की तानाशाही है। कुछ तो बात है जो लगातार इस्तीफे हो रहे है और साथ ही साथ भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल संगठन में विवाद उत्पन्न हो रहे है। जिससे रोजाना नया मोड़ आ रहा है। ऐसी क्या जरुरत पड़ी कि संगठन को एक जिलाध्यक्ष होते हुए भी कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया और दो महीने के अंतराल में ही बनाये गये पदाधिकारी छोडक़र जाने लगे। इससे ऐसा लग रहा है कि भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल में अच्छे लोग जोड़े ही नहीं जा रहे है। विवाद पर्यवेक्षक के सामने रहा। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंच गया है। संगठन में उपजे विवाद पर अगर विराम नहीं लगा तो आये दिन कोई न कोई प्रकरण होता रहेगा। अजय मेहरोत्रा ने अपनी टीम के साथ दिये गये इस्तीफे में अपनी पीड़ा तो दर्शायी है और साथ ही ऐसे लोगों के साथ काम न करने की भी बात कही है। जो बिना बजह धमकियां देते है, जिस कारण मेरी मानसिक प्रताडऩा हुई है। अब मैं स्वतंत्र होकर अपना व्यापार देखूंगा और ऐसे संगठन से दूर रहूंगा। अब देखना है नगर विहीन संगठन की जिम्मेदारी कब किस को मिलती है। या ऐसे ही विवाद के चलते पदाधिकारियों पर कार्यकारी अध्यक्ष की दबाव बनाने की तानाशाही जारी रहेगी। जबकि जिलाध्यक्ष आदेश अग्निहोत्री ने बताया कि मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष के संज्ञान में है। मेरी ओर से किसी का इस्तीफा मंजूर नहीं किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *