दूल्हा बने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम को देखने उमड़े नर नारी

विवाह का संजीव चित्रण देख दर्शक हुए मंत्रमुग्ध, गूंजे जय श्रीराम के नारे
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। श्री धार्मिक रामलीला मेला कमेटी के तत्वावधान में मंगलवार को मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात नगर में धूमधाम से निकाली गई। रामबारात के दौरान भगवान की विभिन्न झांकियों ने लोगों का मनमोह लिया। डीजे के धुन पर भक्त खूब नाचते गाते रहे। श्रीराम बारात को कमेटी के अध्यक्ष सौरभ मिश्रा व कोषाध्यक्ष ऋषभ गुप्ता, संयोजक किशनू चतुर्वेदी ने भगवान गणेश जी की पूजा अर्चना व तिलक कर रवाना किया।
बारात में सबसे आगे बैंड बाजे वाले मधुर ध्वनि बिखेरते हुए चल रहे थे। बारात के साथ भगवान गणेश, शिव पार्वती, भगवान ब्रह्मा, माता दुर्गा और राधा कृष्ण समेत देवी देवताओं की झाकियां चल रहीं थीं। बारात में सबसे पीछे आकर्षक ढंग से सजे विशाल रथ पर श्रीराम अनुज लक्ष्मण के साथ विराजमान थे और सैकड़ों बाराती आगे-आगे नाचते गाते बारात में शामिल हुए। जनकपुर में बारात का स्वागत भव्य तरीके से किया गया है। साथ ही सीता स्वयंवर, लक्ष्मण, परशुराम संवाद, राम जानकी विवाह, राम बारात व जानकी विदाई का इतना सजीव चित्रण प्रस्तुत किया कि दर्शकों की आंखें नम हो गईं। राम विवाह के लिए आकर्षक मंच बनाया गया। बारात जिधर से गुजरी उधर देखने वालों की भीड़ बढ़ती गई। जगह-जगह बारात के स्वागत के लिए तोरण द्वार बनाए गए। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया। बारात शाम सात बजे रामलीला मेला स्थल से शुरू हुई। नगर के सभी मोहल्ले व मंदिरों से होती हुई पुन: रात्रि करीब 12 बजे मेला स्थल पर जाकर संपन्न हो गई। बारात की व्यवस्था में रामलीला कमेटी के सभी सम्मानित पदाधिकारियों ने सहयोग किया। उधर सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *