रोडवेज बस अनियंत्रित होकर विद्युत पोल तोडक़र खड्ढ में गिरी

विद्युत करंट से बस का कुछ हिस्सा जला, बड़ा हादसा टला
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। अनियंत्रित हुई रोडवेज बस विद्युत पोल को तोड़ती हुई खड्ढ में जा गिरी। इस दौरान बस के एक हिस्से में आग लग गई। सवारियों की चीखपुकार सुनकर ग्रामीण आ गये। जिन्होंने विद्युत आपूर्ति को बंद कराया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव सिरमौरा बांगर बड़ी पुलिया के पास शुक्रवार प्रात: लगभग 4:30 बजे एटा डिपो की रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल को तोड़ते हुए खड्ढ में भरे पानी में जा गिरी। इस दौरान विद्युत तार टूट गया। बस के अंदर सवारियों में चीखपुकार मच गयी। ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे और विद्युत विभाग को फोन कर सप्लाई बंद करायी। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया, लेकिन बस के एक हिस्से में आग गयी, जिसे बुझा दिया गया।
एटा डिपो बस चालक अवधेश कुमार व परिचालक सौरभ कुमार ने बताया कि फर्रुखाबाद से दिल्ली के लिए सवारियां लेकर जा रहे थे, तभी सामने नीलगाय आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित हो गई और विद्युत पोल को तोड़ते हुए खडड् में जा गिरी। बस में तीन स्टाफ के अलावा तीन दिव्यांग व दो अन्य सवारियां थी। जिन्हें ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया। जो मामूली रुप से घायल थी और वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गयी। इसकी भनक पुलिस को नहीं लगी। चालक ने बताया कि घटना की जानकारी एआरएम को दे दी गई। अधिकारियों के आने के बाद ही बस को बाहर निकलवाने की कार्यवाही की जायेगी। खबर लिखे जाने तक न ही रोडवेज बस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और न ही पुलिस पहुंची थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *