
मोहम्मदाबाद, समृद्वि न्यूज। चूल्हे की चिंगारी से किसान की झोपड़ी में आग लग गयी। देखते ही देखते चिंगारी आग के शोले में तब्दील हो गयी और झोपड़ी को अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीणों नें समरसेबिल की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन झोपड़ी तब तक जलकर राख का ढेर बन गयी।जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तबलदार नगला निवासी सिंह राम की पत्नी कुसमा देवी झोपड़ी के भीतर चूल्हे पर खाना बना रही थी। उसी दौरान अचानक चूल्हे की चिंगारी से झोपड़ी में आग लग गयी। आग से झोपड़ी में रखा गेंहू, आलू, गृहस्थी का सामान, बैंक पास बुक आधार कार्ड व तीन हजार की नकदी स्वाहा हो गयी। कुसमा देवी की चीखपुकार सुन सिंह राम अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर आ गये। ग्रामीणों ने समरसेबिल आदि की मदद से आग पर काबू पा लिया, लेकिन फिर भी ग्रामीण की झोपड़ी गृहस्थी जलकर राख हो गयी। सिंह राम ने लेखपाल महेश्वर सिंह को आग लगने की सूचना दी। समाचार लिखे जाने तक लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल नहीं की थी।
