जमीन पर कब्जा होने से युवक ने खाया जहर, सांसद पर लगाया आरोप

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। आईटीआई चौराहा स्थित भाजपा सांसद आवास के निकट एक जमीन का दाखिल खारिज न होने के चलते सफाई कर्मचारी के पति ने जहर खा लिया। पत्नी ने सांसद पर दूसरे पक्ष को अवैध कब्जा करने और कराने का आरोप लगाया है। युवक ने दूसरी बार जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालत बिगडऩे पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और तहसीलदार ने पहुंचकर जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार कादरीगेट थाने के गांव मसेनी निवासी ४५ वर्षीय संजय वाल्मीकि का आईटीआई चौराहा निवासी अपने मामा श्रीकृष्ण वाल्मीकि से जमीन का विवाद चल रहा है। जमीन कब्जा मुक्त कराने को लेकर मारपीट भी हो चुकी है। हालांकि संजय कब्जा लेने में नाकाम रहा। कुछ दिनों से उसी जमीन पर एक तीन मंजिला मकान भी बनाया जाने लगा। इसी दौरान एक जनप्रतिनिधि पर कब्जा करने और कराने का आरोप लगाते हुए संजय ने रविवार शाम को जहर खा लिया। सूचना पर छोटे भाई अजय वाल्मीकि ने परिजनों के साथ भाई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ ही देर में उसे लोहिया अस्पताल लाया गया। मामले की जानकारी प्रशासनिक अफसरों को दी गई। एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, प्रभारी तहसीलदार सनी कनौजिया अस्पताल पहुंचे। वहां संतोषी ने बताया कि एक जनप्रतिनिधि की शह पर उनकी जमीन पर कब्जा हो रहा है। तीन मंजिला दुकान व मकान भी जमीन पर बनाया जा रहा है। उन्हीं की शह पर पति के मामा श्रीकृष्ण वाल्मीकि कब्जा किए हैं। जून में भी मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। वह गरीबी से जूझ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि संजय के पास कोई कागजात नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *