समारोहपूर्वक किया गया सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ, सभी विभागों की रही भागीदारी

समृद्धि न्यूज़ अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देशानुसार 15 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जायेगा।इस अवधि में परिवहन विभाग द्वारा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जायेगा तथा विद्यालयों व सार्वजनिक स्थानों आदि पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा।सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य आम लोग यातायात के नियमों के प्रति जागरूक हो,जिससे वाहन दुर्घटनाओं में कमी आये।यह कार्यक्रम मण्डल में सम्भागीय परिवहन अधिकारी ऋतु सिंह के नेतृत्व में तथा अन्य जनपदों में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी के नेतृत्व में चलाया जायेगा।इसी क्रम में शुक्रवार को ड्राइविंग टेस्टिंग एंड ट्रेंनिंग इंस्टीट्यूट में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक सदर वेद प्रकाश गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।इस मौके पर उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा केवल प्रतीक मात्र न रह जाय, इसलिए सड़क सुरक्षा से संबंधित सावधानियों तथा यातायात नियमो के प्रति जागरूकता के लिए स्कूल स्तर से ही छात्रों को जोड़ने की जरूरत है।सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों तथा घायलों की बढ़ती संख्या पर चिन्ता व्यक्त करते हुए विधायक श्री गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सड़क सुरक्षा को लेकर बहुत गम्भीर हैं।मुख्यमंत्री द्वारा सड़क सुरक्षा की विभिन्न बैठकों के माध्यम से सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतों को कम करने के प्रयास के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों को आत्मसात करें। हेलमेट और सीटबेल्ट का प्रयोग अवश्य करे।वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि यदि हम वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं तो इसका अर्थ है कि हम दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन ॠतु सिंह ने कहा कि हम ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करें।परिवहन विभाग द्वारा टीम भावना से सभी स्टेक होल्डर विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना बनाकर सड़क सुरक्षा के प्रति आम लोगों को जोड़ा जाएगा।इसके अलावा बैनर पोस्टर एवं अन्य प्रचार माध्यमों से लोगों को परिवहन विभाग जागरूक करने का काम करेगा।संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन विश्वजीत प्रताप सिंह ने कहा कि जीवन अमूल्य है।वाहन चलाते समय कभी भी शार्टकट न अपनाएं।उन्होंने कहा कि जब तक सड़क सुरक्षा के नियमों को आत्मसात करने के लिए जन जन जागरूक नहीं होगा तब तक सड़क सुरक्षा अभियान मजबूत नहीं होगा।क्षेत्राधिकारी बीकापुर डॉ राजेश तिवारी ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने के लिए आमजन से अपना कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर शिक्षा विभाग से डॉ बसंत कुमार,बेसिक शिक्षा अधिकारी, संतोष कुमार राय,क्षेत्रीय प्रबंधक विमल रंजन,ट्रक यूनियन के अध्यक्ष सुरेश सिंह,लोक निर्माण विभाग के राहुल राय,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन डॉ आर.पी.सिंह, सहायक संभागीय अधिकारी प्रवर्तन प्रवीण सिंह,यात्री कर अधिकारी संदीप चैधरी तथा संभागीय निरीक्षक प्रेम सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन डॉ सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में गंगा प्रसाद रविदास इंटर कॉलेज रानोपाली तथा निःशुल्क गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय के लगभग डेढ़ सौ बच्चे कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि विधायक सदर श्री गुप्ता द्वारा लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा प्रचार वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
