फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फतेहगढ़ पुलिस अधीक्षक आवास एवं पुलिस लाइन के बीच स्थित भारत माता नवदुर्गा मंदिर से चोरों ने दान पत्रों के ताले तोडक़र चढ़ावे की धनराशि चोरी कर ली। घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। मंदिर में लगे सीसीटीवी में दो चोर कैद हो गये हैं।
फतेहगढ़ के मोहल्ला नवदिया निवासी मंदिर के पुजारी पवन मिश्रा बीती शाम मंदिर के गेट पर ताला लगाकर विवाह संपन्न कराने चले गए थे। मंदिर के अंदर कमरे में शंभू चेतन ब्रह्मचारी लेटे थे। चोर बीती रात मंदिर के मेन गेट का ताला तोडक़र मंदिर में घुसे। चोरों ने मंदिर के आठ दान पात्रों के ताले तोडक़र चढ़ावा के रूपये निकाले। मंदिर में हनुमान, गणेश जी व श्री कृष्ण, शंकर जी, मंदिर काली जी, ब्रह्मा विष्णु एवं महेश व शनि देवता के मंदिर है। सभी मंदिरों के गेट पर दान पत्र रखे थे जिनमें ताला लगा था। शंभू चेतन ब्रह्मचारी ने बताया कि वह सुबह करीब 5:30 बजे जागे, तभी उनको चोरी के बारे में जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि चोर मेन गेट का ताला तोडक़र अंदर घुसे। चोर जाते समय बाहर से मेन गेट के फाटक में अंदर वाली कुंडी लगा गए थे। उन्होंने बताया की शनि देवता एवं शंकर जी का मंदिर बाहर सडक़ के किनारे है। ब्रह्मा जी विष्णु जी एवं महेश का मंदिर दो मंजिला भवन में है। बाकी मंदिर नीचे तल पर हैं। ब्रह्मचारी शंभू चेतन ने बताया की नीचे स्थित सभी मंदिरों के दान पात्रों के रुपए प्रतिमाह निकाल कर ऊपर वाले मंदिर की गोलक में डाले जाते हैं। उन्होंने बताया कि यह गोलक मंदिर की शोभायात्रा निकाले जाते समय खोली जाती है। उन्होंने बताया कि गोलक में करीब 50 हजार रुपए थे। मंदिर के अंदर 8 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कमरे में दो चोर कैद हो गए हैं। दोनों चोर शरीर को कंबल से ढके देखे गए।
भारत माता मंदिर के दान पत्रों के चोरों ने तोड़े ताले
