
कंपिल, समृद्धि न्यूज। दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने छ: लाख के नगदी व जेवर चोरी कर लिए। सुबह सामान फैला देख स्वजनों को घटना की जानकारी हुयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र के गांव कटिया निवासी इमरान गुरूवार की बीती रात भाई सलमान के साथ छत पर व अन्य स्वजन बरामदे में सो रहे थे। किसी पहर चोर दीवार फांदकर घर में घुस गए। दरवाजे के निकट कमरे में रखी अलमारी का दरवाजा तोड़कर उसमे रखे दो लाख तीस हजार रुपए की नगदी व सोने की झुमकी, दो जोड़ी कुंडल, पेंडल, आधा किलो चांदी के जेवर सहित मोबाइल फोन चोरी कर ली। चोर मुख्य दरवाजे को खोलकर बाहर चले गए। सुबह चार बजे जागे स्वजनों ने सामान फैला देख पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पीडि़त ने शुक्रवार दोपहर थाने पहुंच तहरीर दी। थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया मामले की जांच की जा रही है।
