शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर हजारों की नगदी व सोने चांदी के जेवरात पार कर दिये। ललकारने पर चोरों ने मोहल्ले के लोगों पर फायर झोंक दिया और फरार हो गये। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। जानकारी के अनुसार शमशाबाद नगर के मोहल्ला अलेपुर निवासी उषा देवी पत्नी भैया लाल ने बताया बीते दिवस की शाम खाने पीने के बाद परिवार के सदस्यों के साथ मकान की छत पर सोए हुए थे। अज्ञात चोर मकान के अंदर दाखिल हो गए और कमरे के ताले तोड़ चोरी की घटना को अंजाम दिया। रात्रि 1 बजे के करीब आहट मिलने पर महिला ने पुत्र को आवाज़ लगाई। जिस पर पुत्र का कहना था वह छत पर ही सोया है। शंका होने पर जब महिला ने अंदर झांककर देखा तो अज्ञात चोर दीवार के सहारे कूदकर भागने लगे। शोर मचाए जाने पर मोहल्ले के लोगों द्वारा पीछा किया गया। जिस पर खेतों की ओर भाग रहे अज्ञात चोरों द्वारा फायर कर दिया। पीडि़त महिला के अनुसार अज्ञात चोरों द्वारा एक जोड़ी सोने के झाले तथा 50000 रूपये की नगदी चुरा ले गए। इसी मोहल्ले के निवासी डाक्टर जाहर सिंह पुत्र राजपूत के मकान को भी अज्ञात चोरों द्वारा निशाना बनाया गया। जहां कुंडा तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। बताया गया है जाहर सिंह की पत्नी की मौत हो चुकी है। पुत्र बालकृष्ण राजपूत जो आगरा में प्रोफेसर हैं। पुत्रवधू मायके में रह रही है और वह भी फर्रुखाबाद में रह रहे हैं। घर में ताला लगा हुआ था। कुंडा तोड़कर अज्ञात चोर दाखिल हुए और चोरी की घटना को अंजाम दिय। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब लोगों ने कुंडा टूटा देखा। सूचना चिकित्सक को दी गई। जिस पर मुहल्ले में पहुंचे। उन्होंने बताया घर में रखी दो जोड़ी चांदी की पायलें, एक सोने की अंगूठी तथा 15000 रूपये की नगदी जिन्हे अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। पीडि़त द्वारा चोरों के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दी गई।
