उन्नाव , समृद्धि न्यूज। अचलगंज थाना क्षेत्र के करौंदी गांव में जल जीवन मिशन में भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के दौरान गांव में चल रही इस योजना के अंतर्गत वेल्डिंग का काम हो रहा था। उसी समय गड्ढे के किनारे रखी मिट्टी अचानक अंदर धंस गई, और तीन मजदूर तिलकराम (36), जग्गा (33) और राजन मिट्टी में दब गए जिसकी जानकारी गांव के ग्रामीणों ने पुलिस को दी। अचलगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन बुलवाई, और ग्रामवासियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत चिंताजनक है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं था। न कोई बैरिकेडिंग, न ही मिट्टी के धंसने से बचाव के इंतजाम। अगर वक्त रहते राहत कार्य शुरू न होता, तो शायद तीनों मजदूरों की जान चली जाती। वहीं पुलिस जांच शुरू कर चुकी है और *संस्था की ज़िम्मेदारी तय करने की बात की जा रही है।
जल जीवन मिशन की पाइपलाइन की खुदाई करते मिट्टी में दबे तीन मजदूर, बाल-बाल बचे
