खुल गई ट्रंप की आंख! लगता है हमने भारत-रूस को चीन के हाथों खो दिया

समृद्धि न्यूज। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब अपने फैसलों से पछता रहे हैं। टैरिफ वॉर के बीच चीन में एससीओ समिट के दौरान सामने आई तस्वीरों से ट्रंप नरम पड़ गए हैं। टैरिफ पर तनातनी के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर भारत-रूस को लेकर एक पोस्ट किया है। उन्होंने कहा है कि हमें ऐसा लगता है कि हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है, काश उनका साथ लंबा और समृद्ध भविष्य लेकर आए। भारत के विदेश मंत्रालय ने ट्रंप के इस बयान पर कहा है कि हमारे पास कहने के लिए कुछ भी नहीं है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट के साथ एससीओ में राष्ट्रपति जिनपिंग, पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर पोस्ट की है और लिखा कि, लगता है हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है, ईश्वर करे कि उनका भविष्य लंबा और समृद्ध हो। ट्रंप के बयान से पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जॉन बोल्टन ने भी बड़ी बात कही थी। बोल्टन ने कहा था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बहुत अच्छे व्यक्तिगत संबंध थे, लेकिन, अब वो खत्म हो गए हैं। बोल्टन ने हाल ही में ब्रिटिश मीडिया पोर्टल को दिए एक इंटरव्यू में कहा था मुझे लगता है कि ट्रंप अंतरराष्ट्रीय संबंधों को नेताओं के साथ अपने निजी संबंधों के चश्मे से देखते हैं। इसलिए अगर उनके (रूस के राष्ट्रपति) व्लादिमीर पुतिन के साथ अच्छे संबंध हैं, तो अमेरिका का रूस के साथ भी अच्छा संबंध होता। जाहिर है, ऐसा नहीं है। बोल्टन ट्रंप के पहले कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रह चुके हैं, लेकिन अब वह ट्रंप के मुखर आलोचक हैं। बोल्टन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि व्हाइट हाउस ने अमेरिका-भारत संबंधों को दशकों पीछे धकेल दिया है, जिससे मोदी रूस और चीन के करीब आ गए हैं। चीन ने खुद को अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप के विकल्प के रूप में पेश किया है।

ट्रंप के पोस्ट पर विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया

वहीं अपने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस पोस्ट को लेकर सवाल पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, इस समय इस पोस्ट पर मेरी कोई टिप्पणी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *