असत्य पर सत्य की हुई जीत, राम ने रावण का किया वध

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। रामलीला कमेटी की ओर से रावण वध की लीला का मनोहारी मंचन किया गया। रावण वध होते ही जय श्रीराम के नारों से रामलीला ग्राउंड गूंज उठा। बाद में रावण, कुंभकर्ण, मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को रामलीला कमेटी की ओर से राम रावण युद्ध व रावण वध की लीला का मनोहारी मंचन किया गया। जिसे देखने के लिए नगर से हजारों की संख्या में युवा, बच्चे, महिलाएं व युवतियां रामलीला ग्राउंड पहुंचे। सुबह 11:00 बजे के लगभग श्री रामचंद्र जी अपनी सेना के साथ लंकापति रावण की सेना के साथ में युद्ध करते हुए, रोड से होते हुए रामलीला ग्राउंड तक पहुंचे। वहां पर विभिन्न प्रकार के राक्षसों को मारते हुए अंत में रावण का वध किया। इस दौरान रामलीला ग्राउंड जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। रामलीला कमेटी द्वारा व्यवस्था सही ढंग से न किये जाने के कारण अव्यवस्थायें हावी रहीं। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से तैनात पुलिस बल भी शिथिलता बरतते नजर आया। रावण वध के बाद नियमित हो रही कमालगंज चौराहे पर ऐतिहासिक आरती का नगर के लोग आनंद लेते रहे। जो रात्रि में लगभग 11:12 बजे हुई। जिसमें कमालगंज चौराहा पर रोड को दोनों तरफ से बंद कर दिया गया। जनता द्वारा एक घेरा बनाकर उस घेरे में श्री रामचंद्र जी, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और मां जानकी के साथ सिंहासन पर विराजमान हुए। आरती को हनुमान और अंगद जी द्वारा उछल-उछलकर एक से डेढ़ घंटे तक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *