उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र के सिंघूपुर गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों बच्चे 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिंघूपुर निवासी रमेश ने बताया कि 12 वर्षीय हिमांशु और 8 वर्षीय शोभित गांव के पास खेतों में खेल रहे थे। इसी दौरान वे नीचे लटक रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। ग्रामीणों के अनुसार बिजली के तार जमीन से महज 6-7 फुट की ऊंचाई पर झूल रहे हैं, जिससे हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब छह महीने पहले भी इसी स्थान पर एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई थी, जिसके दोनों हाथ काटने पड़े थे। इसके बावजूद प्रशासन और बिजली विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जिसकी गांव वालों ने कई बार शिकायतें और आवेदन दिए, लेकिन अधिकारियों ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि गांव में दो-दो बिजली लाइनों का कोई उपयोग नहीं हो रहा है, फिर भी उनके तार बेहद नीचे झूल रहे हैं, जिससे खतरा लगातार बना हुआ है। हादसे के बाद से घायल बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद जिम्मेदार विभाग उदासीन बना हुआ है।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो बच्चे झुलसे, हालत गंभीर; कानपुर रेफर
