लद्दाख में भारतीय सेना की गाड़ी के ऊपर गिरी चट्टान, दो अधिकारी शहीद

समृद्धि न्यूज। लद्दाख के गलवान घाटी में एक सैन्य वाहन पर भूस्खलन में बड़ा हादसा हुआ है। दुर्घटना में सेना के दो अधिकारी शहीद हो गए और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को एयरलिफ्ट कर लेह के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि लद्दाख में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश और बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण इस क्षेत्र में सडक़ दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है। कुछ दिन पहले भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। भारतीय सेना की फायर एंड फ्यूरी कोर ने दोनों व्यक्तियों को बचाया था और उन्हें आगे के इलाज के लिए कारू के एक अस्पताल भेज दिया था।
लद्दाख के गलवान के चारबाग इलाके में बड़ा हादसा हुआ है। सेना के एक वाहन पर बोल्डर (पत्थर) गिर गया। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार दो अधिकारी शहीद हो गए और तीन अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को एयरलिफ्ट किया गया। घायलों में 2 मेजर और 1 कैप्टन हैं, जवानों का काफिला दुरबुक से चोंगटास ट्रेनिंग यात्रा पर था।
ये हादसा बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उस वक्त हुआ जब दुरबुक से चोंगताश जा रहा सैन्य वाहन भूस्खलन की चपेट में आ गया। इसमें14 सिंध हॉर्स के लेफ्टिनेंट कर्नल मनकोटिया और दलजीत सिंह शहीद हो गए, जबकि मेजर मयंक शुभम (14 सिंध हॉर्स), मेजर अमित दीक्षित और कैप्टन गौरव (60 आम्र्ड) घायल हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *