भारत संकल्प यात्रा के तहत योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया जायेगा: मुकेश राजपूत

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। ठंडी सडक़ स्थित सांसद मुकेश राजपूत के आवास पर पत्रकार वार्ता का आयोजन हुआ। सांसद मुकेश राजपूत ने केंद्र सरकार द्वारा जनपद में चलाई जा रही भारत विकास संकल्प यात्रा के बारे में पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार द्वारा चलायी गई योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाया जायेगा।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के साढ़े 9 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इन वर्षों में सरकार द्वारा हर वर्ग के लिए कार्य किया है। केंद्र सरकार की योजनाओं से कोई व्यक्ति अगर वंचित रह गया है, तो सरकार द्वारा विकास संकल्प यात्रा के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी वाला रथ घर-घर पहुंचकर योजनाओं से वंचित लाभार्थियों को सुविधा देने का कार्य करेगा। इसके लिए भारत के प्रत्येक गरीब को प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान निधि योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड योजना, रोजगार योजना एवं महिलाओं को सशक्तिकरण बनाने के लिए उज्ज्वला योजना आदि योजनाओं के माध्यम से लाभ सुनिश्चित करने का संकल्प ले लिया है। भारत विकसित राष्ट्र कैसे बने इसके लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए भारत के प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना पड़ेगा। सांसद मुकेश राजपूत ने मोहम्मदाबाद स्थित हवाई पट्टी का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मोहम्मदाबाद स्थित हवाई पट्टी का सर्वे किया जा रहा है और मुख्यमंत्री तक प्रस्ताव दिया जाएगा। मोहम्मदाबाद के हवाई पट्टी को एक एयरबेस के रूप में स्थापित किया जाए। इस हवाई पट्टी से प्रतिदिन नहीं बल्कि साप्ताहिक ही जयपुर, गुवाहाटी, लखनऊ, दिल्ली आदि के लिए विमान से जाने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि उड्डयन मंत्री को प्रस्ताव देगें। उन्होंने भानु गुट किसान यूनियन राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किए गए अभद्र टिप्पणी का विरोध दर्ज करते हुए कहा भानु गुट किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता बन गए हैं। वह किसानों की बात ना करते हुए बल्कि गांधी परिवार का बखान करने में लगे हुए हैं। वह किसान यूनियन से इस्तीफा देकर कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ के देख ले जनता उनको उनकी हकीकत बता देगी।
जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने बताया केंद्र व प्रदेश सरकार के द्वारा विकास के क्रम को निरंतर जारी रखने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा को पूरे जनपद में चलाया जा रहा है। 24 नवंबर से आरंभ हुई इस यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को होगा। जनपद को इस यात्रा के लिए चार रथ प्राप्त हुए हैं। 67 दिन चलने वाली यह यात्रा जनपद के 500 गांव तक भ्रमण करेगी जो जनपद की नगर पालिकाओं और नगर पंचायत तक भी पहुंचेगी। इस यात्रा में मोदी की गारंटी योजना वाला रथ प्रत्येक गांव पहुंचकर सरकार की योजनाओं से वंचित लोगों को सहायता पहुंचाने का कार्य करेगी। इस मौके पर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, जिला महामंत्री डीएस राठौर, वीरेंद्र सिंह राठौर, शिवांग रस्तोगी आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *