अमेरिकी व्यापार दफ्तर ने हटाया भारत के नक्शे वाला पोस्ट

समृद्धि न्यूज। अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव ऑफिस ने भारत का वह मैप हटा दिया है, जिसमें पीओके और अक्साई चिन को भी भारत का हिस्सा दिखाया गया था। इस यू-टर्न से इस पर चल रही अटकलें खत्म हो गई हैं, यह भारत की क्षेत्रीय दावों से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा है। यह पोस्ट उस समय डाली गई थी जब अमेरिका और भारत ने द्विपक्षीय अंतरिम व्यापार समझौते के पहले चरण के ढांचे की घोषणा की थी। यूएसटीआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्रेड डील की जानकारी साझा करते हुए भारत का नक्शा भी लगाया था। इस नक्शे में जम्मू-कश्मीर का पूरा क्षेत्र, जिसमें पीओजेके भी शामिल है, भारत के क्षेत्र के रूप में दिखाया गया था। साथ ही अक्साई चिन, जिस पर चीन दावा करता है, उसे भी भारत का हिस्सा दर्शाया गया था। यूएसटीआर द्वारा साझा नक्शे में भारत की सीमाएं बिना किसी अलग रेखा या विवाद चिन्ह के दिखाई गई थीं। पहले कई अंतरराष्ट्रीय नक्शों में पीओजेके और अक्साई चिन को अलग लाइन या डिस्प्यूटेड एरिया के रूप में दिखाया जाता रहा है। लेकिन इस पोस्ट में पूरा क्षेत्र सीधे भारत की सीमा के भीतर दिखाया गया। यही बात इसे खास और संवेदनशील बनाती है। बाद में यही पोस्ट यूएसटीआर के आधिकारिक एक्स हैंडल से हटा दी गई। लंबे चले ट्रेड विवादों के बाद भारत और अमेरिका टैरिफ कम करने पर सहमत हुए हैं, जिससे यूएस द्वारा भारतीय सामान पर लगाए जाने वाले 50 परसेंट रेट को घटाकर 18 परसेंट कर दिया गया है और अमेरिकी समानों पर लगाए जाने वाले टैरिफ को भारत ने 0 कर दिया है। इस ट्रेड डेवलपमेंट ने नए सहयोग के लिए माहौल तैयार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *