कमालगंज, समृद्धि न्यूज। टेंपो अनियंत्रित होकर पलटने से महिला की मौत हो गयी, जबकि कई सवारियां घायल हो गयीं। जिन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार मधू उर्फ माधुरी पत्नी सुभाष निवासी ग्राम ननखिरिया अलीगंज जिला हरदोई विगत शुक्रवार को अपने मायके पिता सीताराम ग्राम बदलेपुरवा जलालपुरपनवारा जिला कन्नौज अपना जाति प्रमाण पत्र बनवाने गई थी। आज गोसाईगंज से टेंपो पर बैठकर अपने गांव वापस जा रही थी, तभी ग्राम कतरौली पट्टी के सामने अचानक टेंपो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। जिसमें टेंपो में बैठीं कई सवारियों को चोटें आई हैं। सूचना पर मौके पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची एवं सभी घायलों को सीएससी कमालगंज लाया गया। वहीं अन्य सवारियों को मामूली चोट आने पर सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, लेकिन महिला मधु उर्फ माधुरी को डॉक्टर विकास पटेल द्वारा मृत घोषित कर दिया गया, जबकि राजीव पुत्र लाखन सिंह निवासी भोलेपुर को लोहिया रेफर कर दिया गया। मधु का पति सुभाष गांव में रहकर खेतीबाड़ी का कार्य करता है एवं इस समय वह काम की तलाश में नासिक गया हुआ है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष एवं ससुराल पक्ष के लोग सीएचसी कमालगंज पहुंचे। मधू के जेठ बलराम ने बताया मधू के 6 बच्चे हैं। जिसमे सबसे बड़ा पुत्र अनूप 13 साल, पुत्री सलोनी 11 साल, काजल 9 साल, मुन्नी 7 साल, परमाई 5 साल एवं सबसे छोटा पुत्र 3 साल 6 महीने का है।
टेंम्पो अनियंत्रित होकर पलटने से महिला की मौत
