समृद्धि न्यूज। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत के विरोध में जौनपुर लखनऊ सहित अन्य में हजारों शिया प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका-इजरायल के खिलाफ मोर्चा खोला। हर घर से हुसैनी निकलेगा, के नारों के साथ कल्लू इमामबाड़ा पर प्रदर्शन हुआ। मौलाना कल्बे जवाद ने देश भर में तीन दिन के शोक का ऐलान किया है। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में शिया मुसलमान लखनऊ में सडक़ों पर उतरे। शिया मुस्लिम समुदाय के लोग खामेनेई की मौत पर शोक मना रहे हैं। इजराइल और अमेरिका के हमलों में खामेनेई मारे गए हैं। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि जिनके खून में गद्दारी है, उन्होंने खामेनेई को धोखे से मारा है, अगर एक खामेनेई मारा गया, तो हज़ार खामेनेई उठ खड़े होंगे। इजराइल और अमेरिका धोखेबाज हैं। जौनपुर के कल्लू इमामबाड़ा पर हजारों का हुजूम इक_ा हुआ। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के बुलंद हौसले और गुस्से ने पूरे माहौल को गमगीन और उत्तेजित कर दिया। भीड़ से एक ही आवाज गूंज रही थी, तुम एक हुसैनी मारोगे, हर घर से एक और हुसैनी निकलेगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शहादत से यह आंदोलन खत्म नहीं होगा, बल्कि और भी मजबूत होकर उभरेगा। मशहूर शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद कल्बे जवाद ने इस हमले को कायरतापूर्ण आतंकवादी हमला करार दिया है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा अयातुल्ला खामेनेई हमेशा शहादत की दुआ करते थे और वे जंग लड़ते हुए शहीद हुए हैं। हमारे मजहब में शहादत सबसे बड़ा मर्तबा है। खामेनेई का खून रायगा (व्यर्थ) नहीं जाएगा। शहीद के खून के कतरे से वो इंकलाब पैदा होता है जिसमें जालिम डूब जाते हैं। डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू ने खामेनेई को शहीद नहीं किया, बल्कि अपने खुद के डेथ वारंट पर दस्तखत कर दिए हैं, उनकी मौत बेहद बदतर होगी। वहीं लखनऊ में इस्लामिक सेंटर आफ इंडिया के अध्यक्ष एवं इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद ने कहा कि इजराइल और यूएस ने मिलकर एक स्वतंत्र देश ईरान पर हमला किया, उन्होंने स्कूलों को भी नहीं छोड़ा। इसकी हम निंदा करते हैं। वहीं शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ़ अब्बास नक़वी ने कहा कि खामेनेई दुनिया के सभी मुसलमानों का ख्याल रखने वाले नेता थे। आज पूरी दुनिया ने देख लिया कि इजराइल और यूएस ने किस तरह दहशतगर्दी फैलाई है। आयतुल्ला ख़ामेनई की शहादत पर घोषित तीन दिवसीय शोक के तहत शिया समुदाय के लोग अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस संबंध में मौलाना कल्बे जवाद ने तमाम उम्मते मुस्लिमा और इंसानियत परस्त लोगों से शोक में शामिल होने की अपील की है।
खामेनेई की मौत पर लखनऊ व जौनपुर में आक्रोश, फूट-फूटकर रोईं महिलाएं
