Headlines

कई राज्यों में भीषण गर्मी का येलो अलर्ट, तो कई राज्यों में बारिश के आसार

नई दिल्ली: पंजाब समेत उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों समेत मध्य और पूर्वी भारत के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में झुलसा देने वाली गर्मी का दौर शुरू हो गया है। यहां 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अभी कम से कम एक सप्ताह इन क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की है। साथ ही रात के समय भी गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की आशंका जताई है। इन दिनों के देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। देश की राजधानी दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। साथ ही लू भी चल रही है। कई राज्यों में लू को लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने आज भी देश भर के मौसम का पूर्वानूमान जारी किया है। उत्तर भारत के मौसम कि बात करें तो यहां लू के हालात बने रहेंगे। वहीं पहाड़ी राज्यों में हल्की बरसात और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। जबकि कुछ राज्यों में आंधी और भारी बारिश की संभावना है।

यूपी-एमपी में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आज भी भीषण गर्मी जारी रहेगी। हालांकि, पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में मौसम विभाग ने आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं पश्चिमी यूपी में लू के हालात बने रहेंगे। लखनऊ, कानपुर और आगरा जैसे जिलों में पारा 40 डिग्री पार जा सकता है। वहीं मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि राज्य के कुछ जिले जो छत्तीसगढ़ की सीमा से जो लगे हैं वहां हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

बिहार-झारखंड़ के कुछ इलाकों में होगी बारिश

बिहार में आज मौसम मिला जुला रहने वाला है। राज्य के पटनाए गया और भागलपुर जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश और आंधी चलने की संभावना भी मौसम विभाग की ओर से जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार के पश्चिमी चंपारण, किशनगंज और अररिया में हल्की बारिश और आंधी चल सकती है, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, झारखंड के कुछ इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना है। रांची और जमशेदपुर में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना

24 से 26 अप्रैल तक असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। 24 अप्रैल को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान आ सकता है। इन राज्यों में हवाएं 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं।

दक्षिणी भारत में आंधी-तूफान

मौसम विभाग के अनुसारए केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और तेलंगाना में अगले सात दिनों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *