खेत मालिक व मृतक के परिजनों के बीच हुई नोकझोंक, मारपीट व पत्थराव
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में खेत की रखवाली के लिए लगाए गए लोहे के तारों में छोड़े गए बिजली के करंट की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और खेत मालिक के बीच कहासुनी हुई। जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
जिानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम अर्रा पहाड़पुर निवासी 40 वर्षीय सर्वेश यादव पुत्र दुशासन यादव अर्रा पहाड़पुर में सचिन यादव की सब्जी आढ़त पर कर्मचारी थे। मृतक के भाई देवेंद्र यादव ने बताया कि बुधवार शाम करीब आठ बजे सर्वेश यादव आढ़त से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान बहादुरगंज निवासी एकलव्य पुत्र रामलाल के खेत में लगे लोहे के तारों में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी सुबह परिजनों को हुई। जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे तो सर्वेश यादव का शव खेत में पड़ा मिला। इसी दौरान खेत मालिक और मृतक के परिजनों के बीच कहासुनी हो गई, जो मारपीट और पथराव में तब्दील हो गई। सूचना मिलते ही थाना मऊ दरवाजा के एसएसआई वीरेंद्र सिंह, फर्रुखाबाद कोतवाल दर्शन सिंह, कादरीगेट थाना अध्यक्ष कपिल चौधरी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। बताया गया कि गेहूं की फसल की रखवाली के लिए हनुमान मंदिर के पास गांव जाने वाले रास्ते से बिजली के खंभे से अवैध कनेक्शन लेकर खेत के तारों में करंट छोड़ा गया था। पुलिस द्वारा कई बार बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद कर्मचारियों के मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार व तहसीलदार सनी कंनौजिया, एसएसआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। प्रथम दृष्टया मौत का कारण करंट लगना पाया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
खेत में लोहे के तारों में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
