शौच करने गये युवक की ट्रेन से कटकर मौत

कम्पिल, समृद्धि न्यूज। शौच करने गए युवक की रेल से कटकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव पीएम हेतु भेज दिया। शव देखकर स्वजन बिलखने लगे।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव कटिया निवासी लालाराम माथुर का तीस वर्षीय पुत्र मनोज कुमार शुक्रवार सुबह चार बजे घर से शौच के लिए निकला था। किसी समय ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने सुबह छ: बजे गांव हथवाया के निकट पोल संख्या 174 के निकट क्षत विक्षत अवस्था में युवक का शव पड़ा देखा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना स्टेशन मास्टर चक्र पांडे व स्वजनों को दी। स्टेशन मास्टर ने मामले की सूचना जीआरपी व थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव देखकर स्वजन बिलखने लगे। स्वजनों के अनुसार युवक मानसिक रूप से परेशान रहता था। उसकी शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के दूसरे दिन ही पत्नी छोडक़र चली गई। मृतक तीन भाइयों पप्पू व मुनेश में सबसे छोटा था। थाना प्रभारी नितिन चौधरी ने बताया शव पीएम हेतु भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *