सैफई, समृद्धि न्यूज। मैनपुरी में शुक्रवार की शाम कलिंदी एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी पर मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल मैनपुरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार करीब साढ़े चार बजे युवक ट्रेन से गिरकर रेलवे ट्रैक के किनारे घायल अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर जीआरपी उपनिरीक्षक आरडी यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें पाई गईं। मैनपुरी से रेफर किए जाने के बाद उसे सैफई ट्रॉमा सेंटर की इमरजेंसी यूनिट में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। यहां जीआरपी से उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह सैफई लेकर पहुंचे।
अब तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। वह होश में नहीं है और बोलने की स्थिति में भी नहीं है, जिससे उसकी शिनाख्त करना मुश्किल हो रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है, हालांकि उसे बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
ट्रॉमा सेंटर प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को उक्त युवक के बारे में कोई जानकारी हो, तो कृपया सैफई ट्रॉमा सेंटर के रिसेप्शन काउंटर पर संपर्क करें, ताकि युवक के परिजनों को सूचना दी जा सके।
मैनपुरी में कलिंदी एक्सप्रेस से गिरकर युवक घायल, सैफई में भर्ती
