
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। पंखा सही करते समय विद्युत करंट लगने से युवक की मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर राव साहब निवासी अनिल पुत्र स्वर्गीय हरिनाथ राजपूत जो की गांव के नजदीक नव निर्माण मकान में अपने बच्चों एवं पत्नी के साथ रह रहा था। रात्रि में पंखा सही करते समय अचानक विद्युत करंट लगने से मौके पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पास में सो रही मृत की पत्नी आरती को इस बात की भनक नहीं लगी। कुछ समय के बाद जब वह नींद से जागी तो पति को जमीन पर पड़ा देखा तो उसकी चीख निकल गयी और सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि अनिल की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने चीखपुकार शुरु कर दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मृतक के दो बच्चे ५ वर्षीय पुत्र कृष्णा, ६ वर्षीय पुत्री अंजली, मां गंगादेवी, पत्नी आरती देवी आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक खेतीवाड़ी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। प्रधान करन राजपूत ने बताया अनिल काफी मिलनसार व्यक्ति था। सूचना पर पहुंचे दरोगा कैलाश बाबू ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
