उधारी के रुपये मांगने पर विवाद के दौरान चली गोली, युवक घायल

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। उधार लिये गये रुपये को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मारपीट शुरु हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने गोली चला दी जो दूसरे पक्ष के युवक के लग गई। जो घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां से हालत बिगडऩे पर लोहिया रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम अद्दुपुर निवासी कुलवीर कुमार उर्फ कल्लू पुत्र मिहीलाल पाल ने गांव के ही जितेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह उर्फ लल्ला सिंह से 3 वर्ष दो लाख रुपये इस शर्त पर लिये थे कि दो साल के बाद लौटा देंगे। समय बीत जाने पर उधार लिये गये पैसे वापस नहीं किये। पैसा जमीन का इकरारनामा करने की शर्त पर जितेन्द्र ने कुलवीर को दिया था। समय पर पैसा वापस न होने जितेन्द्र ने न्यायालय में मुकदमा दायर कर दिया, जो विचाराधीन है। कोर्ट से नोटिस पहुंचने पर कुलवीर आग बबूला हो गया और शराब के नशे में बीती रात जितेन्द्र के दरवाजे पहुंचा और गालियां देने लगा। इसी दौरान दोनों में विवाद होने लगा, तभी अचानक गोली चल गई। जिससे कुलवीर घायल हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे लोहिया रेफर कर दिया। ग्राम प्रधान पंकज कुमार यादव ने जानकारी दी कि दोनों पक्षों में रुपये को लेकर विवाद हुआ है। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। यदि दी जाती है तो मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *