
गुस्साये परिजनों ने फर्रुखाबाद-बरेली हाईवे किया जाम
थानाध्यक्ष ने पहुंचकर समझा बुझाकर खुलवाया जाम
राजेपुर, समृद्धि न्यूज। साइकिल से सरिया लेकर जा रहे युवक को ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये फर्रुखाबाद-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर के अंतर्गत ग्राम सभा महेशपुर निवासी हरिओम उर्फ रामरतन पुत्र स्वामी दयाल उम्र 18 वर्ष सुबह करीब ९ बजे भवन निर्माण हेतु जैनापुर से साइकिल पर सरिया लेकर जा रहा था। समय लगभग 9.00 बजे फर्रुखाबाद-बरेली हाईवे पर गांव जैनापुर के निकट बरेली की तरफ से आ रहे ट्रक संख्या-यू.के.०६सीबी७४१९ के चालक ने पीछे से युवक की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। घटना की जानकारी होने पर दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और फर्रुखाबाद-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। जिससे वाहनों की दोनों तरफ लंबी-लंबी कतारें लग गयी। घटना की सूचना थानाध्यक्ष दिवाकर प्रसाद को दी गयी। सूचना पर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। खबर मिलते ही मृतक के पिता स्वामी दयाल, मां संगीता देवी, भाई शिवा, सत्यम, बहन ममता, रागिनी, कीमती आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
