मेडिकल कॉलेजों से रेफर 2 गंभीर मरीजों की भी बची जान
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है के संकल्प के साथ डॉ0 राम मनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय में मंगलवार को शल्य चिकित्सा विभाग द्वारा एक ही दिन में 10 जटिल मेजर ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। अस्पताल प्रशासन के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ सर्जन मेजर डॉ0 रोहित तिवारी के नेतृत्व वाली पूरी सर्जिकल टीम के अथक परिश्रम से सभी मरीजों को ऑपरेशन, दवाएं, जांच एवं सर्जिकल सामग्री सहित संपूर्ण उपचार पूर्णत: नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया। सेवा शिविर की सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि इन 10 मरीजों में 2 ऐसे अति-गंभीर मरीज शामिल थे, जिन्हें पूर्व में बड़े मेडिकल कॉलेजों द्वारा उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर कर दिया गया था। आर्थिक रूप से बेहद कमजोर होने के कारण उपचार का खर्च वहन करने में असमर्थ इन मरीजों के लिए जिला चिकित्सालय में उपलब्ध नि:शुल्क सर्जिकल सुविधा जीवनदायिनी सिद्ध हुई। संपन्न हुई प्रमुख शल्य-क्रियाएं द्विपाश्र्वीय हर्निया, कमर का हर्निया, पित्त की थैली में पथरी, तीव्र अपेंडिसाइटिस, गर्भाशय का पूर्ण बाहर आना, गर्भाशय का नीचे खिसकना, गुदा की जटिल फिस्टुल, बवासीर एवं गुदा में दरार, विभिन्न जटिल सिस्ट/गांठों की सर्जरी की गई। मानसिक संबल के साथ-साथ आध्यात्मिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से ऑपरेशन उपरांत सभी मरीजों एवं तीमारदारों में नि:शुल्क श्रीरामचरितमानस की प्रतियां भी वितरित की गईं। मेजर डॉ0 रोहित तिवारी ने कहा हमारा दृढ़ संकल्प है कि आर्थिक अभाव किसी भी गरीब या असहाय मरीज के बेहतर उपचार में बाधा न बने। जिला चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना ही हमारी प्राथमिकता है। आयोजन में सर्जिकल, एनेस्थीसिया, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ का योगदान रहा।
आरएमएल चिकित्सालय में 10 जटिल ऑपरेशन हुए सफलतापूर्वक संपन्न
