फड़ लगाने वाले व्यापारियों को निर्धारित बेडिंग जोन में ही बैठाया जाये
रोड पर सामान की बिक्री करने वालों का सामान किया जायेगा जब्त
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में शहर में लगने वाले जाम व पार्किंग के संबंध में व्यापार मंडल व जिला उद्योग बन्धु के पदाधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में किया गया।
बैठक में शहर में अतिक्रमण हटाने के लिये 22 सडक़ों की सूची अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा प्रस्तुत की गई। उपस्थित लोगों द्वारा शहर की छूटी हुई प्रमुख सडक़ों को भी शामिल करने की माँग की गई। जिलाधिकारी द्वारा छूटी हुई सडक़ों को सूची में शामिल करने के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता विद्युत (शहरी) को निर्देशित किया कि रेलवे रोड पर विद्युत केबिल को अंडरग्राउंड करने में कितना खर्च आयेगा। सर्वे कर आंकलन प्रस्तुत करें। विद्युत विभाग ने रेलवे रोड पर पोल शिफ्टिंग का स्टीमेट बहुत अधिक मूल्य का बनाया है। इसका अधिशासी अभियंता लो0नि0वि0, पी0डी0, अधिशासी अभियंता विद्युत (शहरी) व विद्युत के एक अन्य अधिशासी अभियंता की कमेटी बनाकर संयुक्त परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये।
शहर में चल रहे ई रिक्शा के रूट निर्धारण के लिये नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में सी0ओ0 ट्रैफिक, सी0ओ0 सिटी, ए0आर0टी0ओ0 व व्यापार मंडल के चार सदस्यों के साथ कमेटी बनाकर रुट प्लान प्रस्तुत करने के निर्देश डीएम द्वारा दिये गये। लाल चौक में पार्किंग बनाने के लिये चिन्हित जगह का इसी कमेटी द्वारा निरीक्षण किया जाये व रिपोर्ट प्रस्तुत की जाये। सभी स्कूलों के प्रिंसिपल से बात कर स्कूलों की छुट्टी के समय में अंतर कराया जाये। ई0ओ0 को निर्देशित किया गया कि सभी फड़ लगाने वाले व्यापारियों को निर्धारित बेडिंग जोन में ही बैठाया जाये व बेडिंग जोन में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जायें। किसी भी चौराहे पर कोई भी ठेला, ठेली नहीं लगेगी। साप्ताहिक बंदी दिवस का सख्ती से पालन कराया जाये। माइक से उदघोषणा करा कर सभी दुकानदारों को सूचित किया जाये कि कोई भी रोड पर समान न रखे। न मानने वालों का सामान सीज किया जाये। बैठक में पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी सदर, सी0ओ0 ट्रैफिक व व्यापार मंडल के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
शहर की 22 सडक़ें होंगी अतिक्रमण मुक्त- जिलाधिकारी
