उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र में मामूली घरेलू विवाद में सगे बड़े भाई ने छोटे भाई की चाकू गोदकर हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना दोपहर करीब 3:15 बजे पीडी नगर मोहल्ले में हुई, जिससे मोहल्ले में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला पी डी नगर निवासी गणेश सोनी के पुत्र 24 वर्षीय सत्यम सोनी का अपने बड़े भाई शिवम सोनी (27) से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। गुस्से में बेकाबू होकर शिवम ने चाकू से सत्यम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला इतना गंभीर था कि सत्यम मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
परिजन आनन-फानन में सत्यम को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। भाई की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर सीओ सिटी दीपक यादव और कोतवाली सदर प्रभारी चंद्रकांत मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस यह भी खंगाल रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और क्या पहले भी दोनों भाइयों के बीच तनाव रहा है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी और आरोपी शिवम की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
