उन्नाव, समृद्धि न्यूज। औरास थाना क्षेत्र मे एक मकान पर स्लैब की शटरिंग का काम कर रहे दो युवक 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। जिससे दोनों युवक झुलस गए। जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शाहपुर तोंदा गांव निवासी जो औरास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हसनपुर पश्चिम बाव मजरे दृगपाल खेड़ा निवासी शंकर बीडीसी के मकान पर स्लैब डालने के लिए शटरिंग का काम कर रहे थे। मकान के ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की बिजली लाइन अचानक झूलते हुए उनके पास आ गई और दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मकान मालिक ने घायलों को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में अक्सर झूलती हुई बिजली की तारें हादसों का कारण बन रही हैं। उनका कहना है कि विभाग इस समस्या को जानता है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे क्षेत्र में बड़े हादसों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली की लाइनों को सुरक्षित किया जाए, ताकि इस तरह के हादसे दोबारा न हों। इस हादसे के बाद जब विद्युत विभाग के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई, तो अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से मना कर दिया।
