अटल स्मृति सम्मेलन का हुआ आयोजन, कानपुर के सांसद ने भी लिया भाग
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में नरेंद्र राजपूत, सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष फतेह चंद वर्मा और अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य मौजूद रहे।
अमृतपुर विधानसभा के विधायक सुशील कुमार शाक्य ने अपने संबोधन में कहा कि आज का भारत सशक्त है और अपनी बात मजबूती से रखता है। उन्होंने नए भारत की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि देश में चौड़ी सडक़ें बन रही हैं, जो दुनिया में कहीं और नहीं दिखतीं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के साथ अपने बचपन की यादें भी साझा कीं और फर्रुखाबाद के विकास में सांसद रमेश अवस्थी और मुकेश राजपूत के योगदान की सराहना की। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद वर्मा ने कहा कि पार्टी ने जिले में कड़ी मेहनत की है। जिसमें अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से मतदाताओं को जोडऩे का आह्वान किया। सांसद मुकेश राजपूत ने नवाबगंज बाजार का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग इसे पसंद नहीं करते, वे कानपुर जाते हैं। जहां के सांसद भी यहीं के हैं। उन्होंने मतदाता पंजीकरण के महत्व पर जोर दिया और कहा कि जो लोग बाहर रहते हैं या जिनकी नई शादी हुई है उनके भी वोट बनवाए जाने चाहिए।
नरेंद्र राजपूत ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सभी को साथ लेकर चलने का काम किया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को कभी न भूलने की बात कही। उन्होंने उपस्थित लोगों से फॉर्म 6 भरकर सभी के वोट बनवाने और आगामी पंचायत चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया। सांसद रमेश अवस्थी ने गंगा नदी से अपने गहरे जुड़ाव का उल्लेख किया और कानपुर तथा फर्रुखाबाद के बीच मजबूत रिश्ते पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कानपुर की जीत में फर्रुखाबाद का बड़ा योगदान रहा है। अवस्थी ने बताया कि उनके जीवन में अटल बिहारी वाजपेयी से तीन बार मुलाकात हुई थी। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था के चौथे स्थान पर पहुंचने का जिक्र करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब भारत तीसरे स्थान पर होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों को साकार करने की बात कही और कहा कि विरोधी आज भी मुकेश राजपूत की जीत से परेशान हैं। रमेश अवस्थी ने लोगों से कहा कि यदि उन्हें कोई काम हो तो वे उन्हें याद करें। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं में छिपे संदेश का भी जिक्र किया कि वे हार को कभी हार नहीं मानते थे। इस दौरान मुनेश मिश्रा, चेयरमैन अनिल राजपूत, राजीव रंजन, अतुल दीक्षित, मंडल अध्यक्ष कमल भारद्वाज, संतोष राजपूत, आदेश राठौर, अनुराग सिंह, विक्रम राजपूत, शिव मंगल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
आज का भारत सशक्त है और अपनी बात मजबूती से रखता है-सुशील शाक्य
