नाले के पानी से फसलें खराब होने से खफा ग्रामीण पहुंचे खंड विकास कार्यालय

बीडीओ के न मिलने पर वरिष्ठ लिपिक को सौंपा ज्ञापन
लिपिक ने नगर पंचायत की समस्या बताकर झाड़ा पल्ला
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। नगर के गंदे नाले का पानी फसलों में भरने से परेशान ग्रामीण खंड विकास कार्यालय पहुंचे और वरिष्ठ लिपिक को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। वहीं वरिष्ठ लिपिक ने इसके लिए नगर पंचायत को जिम्मेदार बताते हुए समस्या का समाधान नगर पंचायत से कराने की बात कही। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव देवरान गढिय़ा के ग्रामीण विकास खंड कमालगंज कस्बे के नाले का गंदा पानी खेतों में भरने से सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद होने के मामले में आज गांव के लगभग ढाई से तीन दर्जन किसान कमालगंज ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। किसानों का कहना है कि वे अपनी समस्या को लेकर खंड विकास अधिकारी से मिलने आए थे, लेकिन कार्यालय पहुंचने पर खंड विकास अधिकारी मौजूद नहीं मिले। इसके बाद किसानों ने कार्यालय में मौजूद वरिष्ठ लिपिक विजय राठौड़ को शिकायती पत्र सौंपते हुए अपनी पीड़ा बताई और कहा की नगर की ओर से आ रहे गंदे नाले का पानी खेतों में लगातार भरा रहने से गेहूं, सरसों सहित अन्य सैकड़ों बीघा फसलें नष्ट हो रही हैं। उन्होंने तत्काल जल निकासी कराकर फसलों का बचाव कराए जाने की मांग की। ब्लॉक कार्यालय में मौजूद बड़े बाबू ने किसानों को बताया कि खेतों में भर रहा पानी कमालगंज कस्बे का जा रहा है। जिसके लिए नगर पंचायत जिम्मेदार है। इसलिए इस समस्या का समाधान नगर पंचायत के अधिकारियों को अवगत कराकर करें। किसानों से नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने को कहा। जिससे वहां से आवश्यक कार्रवाई कर निस्तारण कराया जा सके। किसानों का कहना है कि वे पहले भी कई बार संबंधित विभागों में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। जिम्मेदारी एक विभाग से दूसरे विभाग पर डाले जाने से किसानों की परेशानी और बढ़ती जा रही है। फसल बर्बादी के कारण किसान आर्थिक व मानसिक संकट से जूझ रहे हैं। वहीं किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नाले की सफाई, जल निकासी और फसल नुकसान का समाधान नहीं किया गया तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *