आईजी ने एसपी कार्यालय परिसर में बने नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण

मिर्ज़ापुर। आईजी विन्ध्याचल परिक्षेत्र आर.पी. सिंह ने मिर्ज़ापुर के एसपी कार्यालय परिसर में बने नवनिर्मित भवन का भव्य लोकार्पण किया। यह भवन एसपी सिटी एवं प्रधान लिपिक कार्यालय के लिए निर्मित किया गया है, जिससे पुलिस प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुचारु एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा। आईजी आर.पी. सिंह के कार्यालय आगमन पर एसएसपी सोमेन वर्मा, एसपी सिटी नितेश सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात उन्हें गार्द द्वारा सलामी दी गई। तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई और फीता काटकर नवनिर्मित भवन का औपचारिक उद्घाटन किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान आईजी ने भवन का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह भवन पुलिस प्रशासन के कार्यों को सुव्यवस्थित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण भी उपलब्ध होगा। इस अवसर पर एसपी सिटी नितेश सिंह, सीओ सदर अमर बहादुर, सीओ सिटी विवेक जावला, क्षेत्राधिकारी यातायात,क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *