फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रोहिला क्षेत्र में बिना अनुमति के वनरोज/नीलगाय का शिकार करने वाले छह लोगों को वन विभाग की टीम ने दबोच लिया। उनके पास से दो वनरोज के शव बरामद हुए। जिनकी खाल उतारी जा चुकी थी। पुलिस ने छह आरोपियों के मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद 2390 रुपये, पांच मोबाइल फोन, एक बंदूक, चाकू, कुल्हाड़ी, दो बाइक व एक पिकअप लोडर बरामद हुआ है। वन अधिकारी ने बताया कि बीती शाम को फिरोजाबाद के रामगढ़ के साठ फुटा रोड मोहम्मदी मस्जिद निवासी आसिफ, इमामुद्दीन अली, नजीरपुर के शहजादपुर दिदौली निवासी शिवा, रामगढ़ के कोहिनूर रोड निवासी शहबाज, अब्दुल शकूर मोहम्मदाबाद के मलोखर निवासी अर्यांश के साथ रोहिला वन ब्लाक क्षेत्र में नीलगाय का शिकार कर रहे थे। दो वनरोज का शिकार कर उनकी खाल उतारने के बाद वह तीसरे वनरोज का शिकार करने की तैयारी में थे, तभी मुखबिर की सूचना पर जिला वन अधिकारी राजीव कुमार के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी अनूप कुमार ने वन दारोगा ताबिश अहमद, अमित कुमार, राहुल सक्सेना, वन रक्षक सचिन कुमार, मोहित सक्सेना साथ पहुंचकर घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
नीलगाय का शिकार करने वाले छह शिकारी गिरफ्तार
