उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कचहरी परिसर में अचेत अवस्था में मिले युवक की मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान श्रावण पाल के रूप में की गई, जिसकी मौत शराब के नशे में नाले में गिरने से हुई थी। वह कल्याणी मोहल्ले में किराए पर रहता था।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल परिसर में एक अज्ञात युवक अचेत अवस्था में मिला था। सूचना पर एंबुलेंस चालक ने उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया था। जबकि, इलाज के दौरान उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। सोमवार सुबह अस्पताल परिसर के बाहर नाले में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी अंजनी सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी गई थी। पहचान न होने के कारण शव को मोर्चरी में रखवाया गया था। पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की। मंगलवार को मृतक की पहचान श्रावण पाल के रूप में हुई, जो कल्याणी मोहल्ले में किराए पर रहता था।
पुलिस के अनुसार, जांच में बताया जाता है कि श्रावण पाल शराब पीने का आदी था। आशंका है कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने के कारण वह नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसके शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी किसी आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं। मृतक के परिवार में केवल उसकी एक वृद्ध मां हैं। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
