शिकवा करने पर सरकारी काम में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराने की दी धमकी
पीडि़त ने जांच कराकर बीएलओ/सुपरवाइजर के खिलाफ कार्यवाही करने की उठायी मांग
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। बीएलओ अपने कार्य को किस हद तक लापरवाही के चलते अंजाम देते हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्तमान प्रधान का मतदाता सूची से नाम ही काट दिया। पीडि़त ग्राम प्रधान ने प्रकरण की जांच कराकर लापरवाह बीएलओ के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी को दिये गये प्रार्थना पत्र में ग्राम पंचायत बसेली ब्लाक बढ़पुर के ग्राम प्रधान पवन कुमार ने कहा है कि ग्राम निर्वाचक नामावली २०२५ में क्षेत्रीय बी0एल0ओ0 सुधा व सुपरवाइजर त्रिलोकीनाथ द्वारा अपने पद के दुरुपयोग कर पूर्व प्रधान से सांठगांठ कर प्रार्थी व उसके परिवार के चार अन्य सदस्य अनीता पत्नी मान सिंह, मुन्नालाल पुत्र अजय सिंह, अशोक पुत्र राम सिंह, अनीता पत्नी नरेंद्र के भी वोट मतदाता सूची से हटा दिये गये। प्रार्थी द्वारा इस बात की शिकायत बी0एल0ओ0 सुधा व सुपरवाइजर त्रिलोकीनाथ से की गयी,तो दोनों लोग आगबबूला होकर बोले कि अगर तुम लोगों के वोट कट गये, तो इस पर हम लोग क्या करें। प्रार्थी द्वारा इस बात की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने हेतु कहा गया, तो उपरोक्त लोगों द्वारा प्रार्थी को धमकी देकर कहा गया कि ज्यादा नेता बनोगे, तो सरकारी काम में बाधा डालने एवं अन्य झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवा देंगे। उक्त बी0एल0ओ0 सुधा व सुपरवाइजर त्रिलोकीनाथ द्वारा पूर्व प्रधान जितेन्द्र कुमार की सह पर फर्जी वोट मतदाता सूची में शामिल किये जा रहे हैं। उपरोक्त प्रकरण की जांच कराकर उपरोक्त बी0एल0ओ0 सुधा व सुपरवाइजर त्रिलोकीनाथ के खिलाफ कार्यवाही किया जाना आवश्यक है।
अपने पद का दुरुपयोग कर रहीं बीएलओ, ग्राम प्रधान का सूची से काटा नाम
