मंदिर से दर्शन कर लौट रही युवती की ईट लगने से मौत

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में नशेबाजों की अराजकता के कारण एक युवती की मौत हो गई। 25 वर्षीय समीक्षा शुक्ला अपनी सहेली के साथ खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थीं, तभी नशेबाजों द्वारा फेंकी गई एक ईंट उनके माथे पर जा लगी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय कुछ नशेबाज सड़क पर ईंट-पत्थर चला रहे थे। ईंट लगने से समीक्षा सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे एक स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया।

वहां चिकित्सकों ने युवती की नाजुक हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के नार्थ स्टार अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवती की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका के भाई दीपेंद्र शुक्ला ने बताया कि उनकी बहन डीएवी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थीं। वह पढ़ाई में मेहनती और शांत स्वभाव की थीं। परिवार को इस बात का गहरा सदमा है कि मंदिर दर्शन से लौटते समय एक बेगुनाह युवती को नशेबाजों की हरकत के कारण उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने शुक्रवार को कानपुर की फीलखाना पुलिस को किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने और पोस्टमार्टम करवाने से साफ इनकार कर दिया है। दीपेंद्र शुक्ला ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कोई प्रार्थना पत्र देने से भी मना कर दिया है, जिससे पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर असमंजस में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *