फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कादरीगेट थाना क्षेत्र के रेटगंज सोसायटी में पुलिस लाइन में तैनात दारोगा विवेक कुमार राणा पर अपनी पत्नी साधना सिंह को दूसरी मंजिल से फेंक दिया। नीचे गिरते ही साधना सिंह को रीढ़ व पैर की हड्डी टूट गयी। आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार साधना सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आसपास के लोगों ने मकान से तेज आवाजें आती सुनीं। कुछ देर बाद साधना सिंह खिडक़ी से नीचे आकर गिरीं। दारोगा विवेक कुमार ने घायल पत्नी को ई-रिक्शा से आवास विकास कालोनी स्थित डा0 राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डा0 अभिषेक चतुर्वेदी ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने बताया कि साधना की रीढ़ व पैर की हड्डी टूटी है। पैर में घाव पर छह टांके लगाए गए हैं। हालत गंभीर होने से उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। साधना ने बताया कि वह जनपद बदायूं थाना बिसौली के गांव पछिया की निवासी हैं। पति ने ही उन्हें छत से नीचे फेंक दिया है। वह नशा करने के आदी हैं। पुत्र की शादी में भी पति ने उनके साथ मारपीट की थी। सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने भी पहुंचकर जांच पड़ताल की।
