तेज रफ्तार डंपर ने तीन मवेशियों को रौंदा, तीन घायल

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के अजगैन–मोहान मार्ग पर नवई बाबा कुटी के पास तेज रफ्तार डंपर ने मवेशियों को रौंद दिया। तीन मवेशियों की मौके पर मौत हो गई, तीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मवेशी हांक रहा किशोर शिवम पुत्र राजाराम हादसे में घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। मवेशियों की मौत से आहत ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर उतर आया और अजगैन–मोहान मार्ग पर करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे थे। घटना की सूचना पर हसनगंज क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया का मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी ने पीड़ित परिवार के पास बैठकर उनकी पीड़ा को सुना। उन्होंने मानवीय संवेदनशीलता के साथ परिजनों को भरोसा दिलाया कि कानून के दायरे में रहकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया के आश्वासन के बाद आक्रोशित ग्रामीण जाम हटाने पर सहमत हो गए। उनके निर्देशन में पुलिस ने डंपर चालक को कठेरवा फाटक के पास से डंपर सहित गिरफ्तार कर लिया।

इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर पशु चिकित्साधिकारी लखनापुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराकर जेसीबी की मदद से सम्मानपूर्वक दफन कराया गया, जबकि घायल मवेशियों के इलाज की व्यवस्था भी कराई गई।

इस पूरे घटनाक्रम में जहां एक ओर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग ने एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया, वहीं दूसरी ओर क्षेत्राधिकारी अरविंद चौरसिया की त्वरित कार्रवाई, मानवीय सोच और सशक्त नेतृत्व ने बिगड़ते हालात को संभालकर एक बड़े टकराव को टाल दिया। यही कारण रहा कि एक संवेदनशील हादसा कानून-व्यवस्था की चुनौती बनने से पहले ही नियंत्रण में आ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *