ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बाइक और ट्रैक्टर की आमने सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गयी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां स्थिति गंभीर होने पर जिला लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। वहां ले जाने पर डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर सुनकर परिवार में चीख पुकार मच गईं। दुर्घटना होने के कारण अमृतपुर-बदायूं मार्ग पर लंबा जाम लग गया। जिससे काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने यातायात सामान्य करवाया।जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 4 बजे अमृतपुर कस्बा निवासी सत्यम पुत्र दिलीप उम्र करीब २० वर्ष और शोभित पुत्र तिलकराम अवस्थी उम्र करीब १८ वर्ष बाइक से टहलने गये थे। वहां से घर लौटते समय मुख्य बस स्टॉप के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक करीब आधे घंटे तक ट्रैक्टर के नीचे फंसी रही। हादसे होते ही घटनास्थल पर अफरा-तफ्ररी मच गई। दोनों बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक तुरंत वहां से भाग गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी सीएचसी पहुंचाया। जहां स्थिति गंभीर होने पर जिला लोहिया अस्पताल रेफर दिया। वहां पहुंचने पर डॉ0 अभिषेक चतुर्वेदी ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों की मौत की सूचना मिलते ही उनके घरों में कोहराम मच गया। सत्यम की माता रजनी और शोभित की माता सुमन का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों की चीख-पुकार से मोहल्ले का माहौल गमगीन हो गया। शोभित छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर का था। उसके भाई चंदन, कुंदन, रोहित, प्रतीक, मोहित और बहन स्वाति हैं। वहीं सत्यम अपने परिवार में दोनों बहनों प्रियम और प्रांशी का इकलौता भाई था। सत्यम के पिता दिलीप पेशे से किसान हैं, जबकि शोभित के पिता तिलकराम अवस्थी खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन.पोषण करते हैं। मुख्य बस अड्डे पर दुर्घटना होने के कारण अमृतपुर-बदायूं मार्ग पर लंबा जाम लग गया। जिससे काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष मोनू शाक्या पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और यातायात को नियंत्रित कर मार्ग को सामान्य कराया। ट्रैक्टर के नीचे फंसी बाइक को निकलवाने के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर व बाइक दोनों को थाने भिजवा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *