उन्नाव, समृद्धि न्यूज। सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही परिजन एक युवती से प्रेम प्रसंग को लेकर मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या करने की बात कही। जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अकरमपुर निवासी ललित कश्यप 23 वर्ष जो मगरवारा निवासी एक युवती के संपर्क में आने के बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। इसी बात से नाराज होकर युवती के पिता ने ललित के विरुद्ध कथित तौर पर साजिश रचनी शुरू कर दी। आरोप है कि युवती के पिता ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए ललित को थाने में बंद करा दिया, जहां उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
बताया गया कि थाने में दोनों पक्षों के बीच एक समझौता कराया गया, जिसके बाद ललित को छोड़ा गया। जबकि, परिजनों का आरोप है कि समझौते के बाद भी उत्पीड़न खत्म नहीं हुआ। युवती के पिता ने कथित तौर पर ललित को रास्ते में रोककर धमकाया और उस पर 12 लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया। रुपए न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस लगातार मानसिक दबाव और भय से ललित पूरी तरह टूट गया था। परिजनों ने बताया कि वह कई दिनों से परेशान था, चुप-चुप रहने लगा था और किसी से कोई बात नहीं कर पा रहा था प्रताड़ना से आहत होकर ललित ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
ललित अपने परिवार का इकलौता बेटा और दो बहनों का अकेला भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है
परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई की होती तो आज ललित जिंदा होता। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
