गिरिजा देवी पीजी कालेज में विद्यार्थियों को सडक़ सुरक्षा की दिलायी गई शपथ

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। सडक़ सुरक्षा माह के अन्तर्गत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने गिरिजादेवी पीजी कालेज सकवाई मोहम्मदाबाद में छात्र-छात्राओं को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सडक़ सुरक्षा माह का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जा रहा है।
एआरटीओ-प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने बताया कि यातायात पुलिस से प्राप्त सूचना के अनुसार माह दिसम्बर 2025 तक जनपद में 490 सडक़ दुर्घटनायें घटित हुई हैं, जिनमें 284 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है, जबकि दिसम्बर 2024 तक जनपद में 390 सडक़ दुर्घटनायें घटित हुई थीं, जिनमें 213 व्यक्तियों की मृत्यु हुई थी। जनपद में घटित लगभग 65 प्रतिशत दुर्घटनाओं में शामिल कम से कम एक वाहन दो पहिया है तथा मृतकों की संख्या में लगभग 60 प्रतिशत दो पहिया वाहन सवार है। उन्होंने सभी से अपील की कि सडक़ सुरक्षा के नियमों का अक्षरश: पालन करें। किसी भी स्थिति में यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग ना करें, वाहन के प्रपत्र पूर्ण रखें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें। निजी वाहन यथा दो पहिया वाहन, कार आदि के मार्ग पर संचालन के समय वैध ड्राइविंग लाइसेन्स, पंजीयन पुस्तिका, बीमा तथा प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र भौतिक अथवा इलेक्ट्रॉनिक रूप में होना अनिवार्य है। प्रदेश में सभी नये वाहनों में हाई-सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाना अनिवार्य है। छात्रा शालिनी गुप्ता ने सरस्वती वंदना एवं मिली राजपूत एवं शालिनी गुप्ता ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्या डा0 रानी मिश्रा व रोड सेफ्टी क्लब के जिला संयोजक डॉ0 आलोक बिहारी शुक्ला ने भी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया। एआरटीओ ने सडक़ सुरक्षा शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पंकज चौधरी, सन्तोष हिल्स, पावस के अतिरिक्त कालेज के शिक्षक, स्टॉफ व छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *