स्व0 महरम सिंह ने समाज में व्याप्त बुराइयों को हटाकर समरसता को बढ़ावा दिया
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेला श्रीरामनगरिया के सांस्कृतिक पांडाल में गांधी विचार प्रचार मंच के बैनर तले कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विचार प्रचार मंच का गठन मेला श्रीरामनगरिया के संस्थापक पूर्व विधायक स्मृतिशेष महरम सिंह ने किया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व डीजीसी वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह सोमवंशी ने की। विशिष्ट अतिथि राजेपुर ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी तथा भाजपा जिला महामंत्री कैप्टन डीएस राठौर रहे। संचालन महेश पाल सिंह उपकारी ने किया। स्वागताध्यक्ष मेला श्रीरामनगरिया संस्थापक महरम सिंह के सुपुत्र दिनेश प्रकाश सिंह अन्नू भैया रहे। विशिष्ट अतिथि कैप्टन डीएस राठौर ने कहा कि जिस प्रकार महात्मा गांधी किसी बुराई को सुनना, देखना या करना पसंद नहीं करते थे, उसी प्रकार महरम सिंह समाज में व्याप्त बुराइयों को हटाकर समरसता को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध रहते थे। विशिष्ट अतिथि राजेपुर ब्लॉक प्रमुख पल्लव सोमवंशी ने महरम सिंह को आधुनिक युग का गांधी बताते हुए उनके चरित्र का अनुकरण करने का संदेश दिया और कहा कि महरम सिंह ने सादा जीवन उच्च विचार के आधार पर सांसारिक सुख सुविधाओं से दूर रहकर एक योगी की तरह जीवन व्यतीत किया। कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेन्द्र सोमवंशी ने आए हुए सभी लोगों को धन्यवाद दिया और गांधी जी तथा फर्रुखाबाद के गांधी महरम सिंह के मार्ग का अनुसरण करने का संदेश दिया। उन्होंने महरम सिंह से जुड़े हुए विभिन्न पुराने किस्सों को साझा करते हुए अपने श्रृद्धा सुमन अर्पित किए। वक्ताओं में देशराज सिंह राठौर, अनिल सिंह गहरवार प्रधानाचार्य, वैभव सोमवंशी सुभग, सत्यपाल सिंह प्रगल्भ, सुमन राठौर, रमला राठौर, अजय कुमार सिंह चौहान, उदयपाल सिंह प्रधान, कै0 डीएस राठौर रहे। ब्रजेश सिंह कल्लू, रामशंकर पाण्डेय, अनुजा सोमवंशी क्षमा, शीला कटियार, राधा राठौर, विभोर सोमवंशी, जगतपाल सिंह, अवधेश सिंह, महात्मा हरभान सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
मेला श्रीरामनगरिया में गांधी विचार प्रचार मंच द्वारा गोष्ठी सम्पन्न
