पैदल घर लौटते समय युवक को तेज रफ्तार डीसीएम ने रौंदा

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। अचलगंज थाना क्षेत्र के बदरका गांव में देर रात बाबा के घर से पैदल लौटकर अपने घर जा रहे युवक को तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार अचलगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बदरका निवासी हिमांशु दीक्षित 18 वर्ष पुत्र अनुराग दीक्षित जो देर रात अपने बाबा श्याम सुंदर दीक्षित के घर से वापस अपने घर जा रहा था। तभी रास्ते में पीछे से आ रही डीसीएम ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई।
हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि हिमांशु दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी दुर्घटना में हुई मौत से परिवार सदमे में है। माता-पिता का कहना है कि हिमांशु पढ़ाई के साथ-साथ घर के कामों में भी हाथ बंटाता था।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। तेज रफ्तार के कारण इस जगह पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। थाना अचलगंज प्रभारी ब्रजेश शुक्ला ने बताया कि डीसीएम वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *