महुआ के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला मजदूर का शव

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। आसीवन थाना क्षेत्र के गोसाई खेड़ा गांव में देर शाम एक मजदूर का शव महुआ के पेड़ से साड़ी के फंदे से लटका मिला। घर से करीब दो सौ मीटर दूर मिले शव की सूचना पर परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही लोगो में प्रेम प्रसंग को लेकर चर्चा बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार आसीवन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोसाई खेड़ा निवासी कुलदीप 22 वर्ष पुत्र राजकुमार जो पिछले तीन वर्षों से लखनऊ में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान वह एक विवाहित महिला के संपर्क में आया और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। महिला पहले से शादीशुदा थी और उसके तीन बच्चे भी हैं।
परिजनों के अनुसार, कुलदीप तीन दिन पहले उस महिला को गांव लेकर आया था। महिला एक रात गांव में रुकी और अगले दिन लखनऊ लौट गई। इसके बाद कुलदीप लगातार उसे फोन कर वापस बुलाने का प्रयास करता रहा, लेकिन महिला ने गांव आने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर कुलदीप मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
बीती शाम कुलदीप घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो उसकी दादी जनका ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से लगभग दो सौ मीटर दूर महुआ के पेड़ पर उसका शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। दादी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे ।
घटना की जानकारी पर मृतक के चाचा सर्वेश ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुलदीप महिला के वापस न आने से काफी तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक दबाव में उसने यह कदम उठाया। बताया गया कि घर से निकलते समय वह पास के घर से एक साड़ी लेकर जंगल की ओर गया था। कुलदीप के पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *